इंदौर। वी केयर फॉर यू ने एक सिरफिरे को पकड़ा है। आरोपी तलाक होने के बाद पत्नी को अश्लील मैसेज कर रहा था। लोगों से चरित्र को लेकर अनर्गल बातें करता था। कभी-कभी पीछा करते हुए घर व ऑफिस पहुंच जाता था।
प्रकोष्ठ से मिली जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय महिला ने शुक्रवार को आरोपी से परेशान होकर शिकायत दर्ज करवाई थी। शनिवार को पुलिस ने असीम (42) पिता हरसेवक व्यास निवासी टेलीफोन नगर को गिरफ्तार किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2013 में आरोपी से शादी हुई थी। वैचारिक मतभेद के चलते दो साल बाद दोनों ने तलाक ले लिया। वह मल्हारगंज क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में रह कर जॉब कर रही है। कुछ दिनों से आरोपी परेशान कर रहा है। देर रात अश्लील मैसेज करता है। रिश्तेदार और परिचितों से उसके चरित्र को लेकर अश्लील बातें करता है। कई बार पीछा करता हुआ हॉस्टल आ जाता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नेहरू नगर स्थित दवा कंपनी में जॉब करता है। उससे मोबाइल भी जब्त किया गया है।