मंडला। जिले में कार्यरत अध्यापको की पदोन्नति कार्यवाही न होने से जिले के अध्यापकों में गहरा आक्रोश है और पदोन्नति की कार्यवाही नहीं किये जाने पर अध्यापकों ने आंदोलन का मन बना लिया है। राज्य अध्यापक संघ के जिला शाखा अध्यक्ष डी.के.सिंगौर ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यदि 31 जनवरी 2016 तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किये जाते हैं तो 1 फरवरी से जिले भर के अध्यापक जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगें।
यदि विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान होता है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञातव्य हो कि वरिष्ठ अध्यापक, अध्यापक और सहायक अध्यापकों की प्रावधिक वरिष्ठता सूची जारी हुये काफी समय हो गया। अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं हुआ है। जिले में सर्व शिक्षा अभियान के तहत सहायक अध्यापक से अध्यापक पद पर पदोन्नति हेतु 365 पद स्वीकृत थे जिसमें से 210 पदों पर पदोन्नति हो चुकी है शेष 155 पद पदोन्नति हेतु शेष हैं।
इसी प्रकार माध्यमिक शिक्षा अभियान के अन्तर्गत अध्यापक पद पर पदोन्नति हेतु 92 पद स्वीकृत है। वरिष्ठ अध्यापक पद पर पदोन्नति हेतु 100 से उपर पद स्वीकृत है जिन पर पदोन्नति शेष है। शासन के नवीनत्तम निर्देशो के अनुसार सभी रिक्त पदो पर पदोन्नति हो जानी चाहिये थी। संघ ने कई बार अधिकारियों से मिलकर पदोन्नति की मांग की है लेकिन अधिकारियों ने इसे अनसुना कर दिया है। अब अध्यापक आंदोलन करने मजबूर हैं। संघ ने माडॅल स्कूलों के रिक्त पदों को भी पदोन्नति से भरने की मांग की है।