सिंगरौली। बुधवार की रात जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के परसिधवा टोला खटाई में जबरन घर में घुसे प्रेमी को उसकी प्रेमिका ने ही मौत के घाट उतार दिया। दो बच्चों की मां 28 वर्षीय महिला ने पास रखी कुल्हाड़ी से प्रेमी मनोज (34) पिता दुर्गा हलवाई के सिर पर दनादन वार कर दिए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से महिला फरार है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता लगा है कि महिला और मनोज के बीच बीते दस साल से प्रेम संबंध थे। इधर कुछ समय से महिला मनोज से पीछा छुड़ाने का प्रयास कर रही थी। घटना की रात भी करीब 8 बजे जब मनोज उसके घर पहुंचा तो उसने दरवाजा नहीं खोला। इस पर मनोज ने कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़ दिया और चारपाई पर जाकर लेट गया। इसी को लेकर महिला और मनोज में विवाद हुआ जिसके बाद महिला ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के वक्त घर पर नहीं था पतिः
घटना के वक्त आरोपी महिला का पति घर पर नहीं था। देर रात पति के घर वापस आते ही दोनों ने मिलकर मनोज के शव को खेत में बनी बाउंड्रीवॉल में फेक दिया। सुबह ग्रामीणों ने लाश को देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर मृतक के पिता दुर्गा प्रसाद को लगते ही वे रोते बिलखते चितरंगी थाने पहुंच गए और एफआईआर दर्ज कराई।