भोपाल। पारिवारिक झगड़े के बाद मायके जा पहुंची बीवी को लेने पहुंचे युवक पर उसके साले ने केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। कमला नेहरू अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना गोंदरमऊ स्थित बीडीए क्वार्टर में हुई। गांधी नगर पुलिस के मुताबिक जेपी नगर निवासी 35 वर्षीय साकिर की शादी 12 साल पहले यास्मीन से हुई है। उनके तीन बच्चे हैं।
साकिर फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता है। साकिर को शराब की लत होने के कारण घर में अक्सर झगड़ा होता था। जिसके चलते उसकी पत्नी मायके चली जाती थी। लेकिन कुछ दिन बाद साकिर उसे मनाकर ले आता था। करीब पंद्रह दिन पहले शराब के मुद्दे पर हुए विवाद के बाद पत्नी गोंदरमऊ बीडीए क्वार्टर में रहने वाले अपने भाई सरफराज के घर आ गई थी। सरफराज भी फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता है। मंगलवार को शाम करीब 4 बजे साकिर बीवी को लेने सरफराज के घर जा पहुंचा।
पत्नी ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। इस बात पर साले-बहनोई के बीच तकरार होने लगी। तैश में आकर सरफराज ने साकिर के उपर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। साकिर की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह आग बुझाई। लेकिन तब तक वह करीब 65 फीसदी झुलस चुका था। उसे ऐंबुलेंस बुलाकर कमला नेहरू अस्पताल में दाखिल कराया गया। साकिर के बयान दर्ज करने के बाद सरफराज के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
