गुजरात के वडोदरा में भीड़ ने एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ दिल दहला देने वाली हरकत की. 40 लोगों की भीड़ ने सरेआम पुलिसकर्मी को अधमरा कर पीटा. इसके बाद उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया. वहां मौजूद तीन अन्य पुलिसकर्मियों ने अपने साथी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे. ये सारी घटनाएं कैमरे में कैद हो रही थी. एक बार तो जैसे-तैसे तीनों पुलिसकर्मियों ने अपने साथी को भीड़ से निकालकर जीप में बिठा लिया था, लेकिन लोग उसे दोबारा से खींच ले गए.
बताया जा रहा है कि कांस्टेबल शांतिलाल परमार ने बाइक पर सवार तीन लोगों को रुकने का इशारा किया. इन बाइक सवारों ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल ने उनमें से एक को लाठी से मारा था. इसके बाद तो एकत्रित हुई भीड़ बेकाबू हो गई.
दूसरी ओर, पुलिस ने इस आरोप को गलत बताया है. पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों लोगों ने भागने की कोशिश की, इस कोशिश में वे रोड डिवाइडर से टकरा गए. पुलिस ने फुटेज की मदद से हिंसा के लिए उकसाने के आरोप में बारियास की मां उर्मिला को गिरफ्तार किया है. हमला करने वाले लोगों भी भी पहचान की जा रही है.
