भोपाल। सुल्तानिया अस्पताल में गुरुवार को वो सब कुछ हुुआ जो आम दिनों में प्रतिबंधित होता है। और वह भी अस्पताल के डॉक्टर्स, स्वास्थ्य और महिला बाल विकास महकमे के अफसरों के सामने। प्रसूताओं के वार्ड में 100 लोगों की भीड़, बिना मास्क और बिना दस्ताने पहने। गुलदस्ते और फूल मालाएं। साइलेंस जोन में साउंड सिस्टम। इन सबके बीच वो समस्याएं भी, जो बरसों से जस की तस हैं। जैसे एक पलंग पर दो-दो प्रसूताएं और नवजात। मौका था महिला बाल विकास विभाग के बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ अभियान की शुरुआत का।
महिलाओं को सम्मानित करने पहुंचीं मंत्री माया सिंह को अस्पताल के आबिदा वार्ड में एक पलंग पर दो-दो प्रसूताएं भर्ती मिलीं। अस्पताल के हाॅल में बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ अभियान के साथ ही संस्थान में अच्छा काम करने वाले नर्सिंग, मेडिकल केयर स्टाफ को सम्मानित करने का कार्यक्रम रखा गया था। हाॅल में तेज आवाज वाला अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया गया था। इसकी आवाज इमरजेंसी वार्ड के नजदीक बने आबिदा वार्ड तक में सुनी गई। वहीं ओपीडी के बाहर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने तेज आवाज वाला म्यूजिक सिस्टम लगाया था। इस पर सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले गाने पांच घंटे तक लगातार बजते रहे।