देहरादून। गबेला स्थित कुकुर्शी महाराज मंदिर में दलितों का प्रवेश वर्जित है। यहां अपनी संतान के अच्छे भविष्य की कामना के लिए गई एक गर्भवती दलित महिला को बेरहमी से पीटा गया। उसका पति भी मारपीट का शिकार हुआ। फिर गांव वालों ने उस पर जुर्माना भी लगाया।
टीकम सिंह निवासी मल्लावाला बिन्हार तहसील विकासनगर ने कहा कि बीती 18 नवंबर को वह पत्नी कविता, ससुर दौलतू निवासी गौना तहसील चकराता गबेला स्थित कुकुर्शी महाराज के दर्शन के लिए गए हुए थे। उनकी पत्नी गर्भवती है, इसलिए वह देवता से मन्नत मांगने मंदिर गए हुए थे। सुबह 11 बजे उन्होंने पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन किए, जबकि ससुर मंदिर के बाहर ही बैठे हुए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उनके ससुर को पहचान लिया। उनके साथ मारपीट करने लगे। बताया कि बीच बचाव में आने पर उनके और पत्नी के साथ ही मारपीट की गई।