भोपाल। झाबुआ-रतलाम लोकसभा सीट पर यदि सोमवार दिनांक 09 नवम्बर 2015 को वोटिंग करा दी जाए तो भाजपा चुनाव हार जाएगी। यह दावा कांग्रेस का नहीं बल्कि भाजपा के सर्वे का परिणाम है। भाजपा अलीराजपुर की 1 एवं रतलाम की 2 सीटों पर ही जीत दर्ज कराने की स्थिति में है जबकि 4 विधानसभाओं में वो गंभीर खतरे में है। इसी सर्वे रिपोर्ट के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आनन फानन झाबुआ भागे और एक साथ दर्जनभर सभाएं कीं।
भाजपा ने निर्मला भूरिया के नामांकन भरने के बाद चुनावी सर्वे कराया था। संगठन के सूत्रों की माने तो इस सर्वे में झाबुआ जिले की तीनों विधानसभा सीटों झाबुआ, पेटलावद और थांदला में उसे कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया से कड़ी चुनौती मिल रही है। इसके अलावा अलीराजपुर की जोबट और रतलाम जिले की सैलाना सीट पर भी मुकाबला कांटे का बताया गया है।
गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद कांतिलाल भूरिया ने झाबुआ विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की थी। इसक अलावा वे थांदला, पेटलावद और सैलाना में बेहतर स्थिति में रहे थे। इन्हीं सीटों पर इस बार तगड़ी चुनौती मानी जा रही है।