भोपाल। राजधानी में इन दिनों प्रॉपर्टी फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोलार और मंडीदीप मामलों के बाद अब एयरपोर्ट के पास नौसेना की जमीन पर प्लाट काटने का मामला सामने आया है।
बताया जाता है नौसेना की एयरपोर्ट के पास पीपलनेर में अलग-अलग खसरा नंबर की करीब 40 एकड़ जमीन है। इसके कुछ हिस्से पर पिछले कुछ समय से कब्जा कर टपरे बना लिए गए हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इस जमीन को अपना बता कर वहां प्लॉट काट दिए हैं। इनको आसपास के ही लोगों को बेचने की कोशिश की जा रही है। इस फर्जीवाड़े की जानकारी नेवी के आला अफसरों तक पहुंची है। इसके बाद नेवी की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति अगर संबंधित जमीन का कोई हिस्सा खरीदता-बेचता या कब्जा करता है तो उसके लिए वो खुद जिम्मेदार होगा।
साथ ही इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस पर होने वाला खर्च भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा। हालांकि नेवी ने इस मामले में अब तक प्रशासन से कोई मदद नहीं मांगी है। इधर, बैरागढ़ एसडीएम सीपी निगम को नेवी की जमीन पर अतिक्रमण की कोई जानकारी नहीं है।

