जबलपुर। लहसुन चोरी के शक में एक व्यापारी ने लहसुन खरीदने आए एक छोटे व्यापारी युवक को बेरहमी से पीटा, उसे नंगा किया, उसके गले में चैन डाली और कुत्ते की तरह पूरी मंडी में घुमाया। इस दौरान उसे लगातार पीटा जाता रहा। पूरा तमाशा करीब एक घंटे तक चला परंतु ना तो किसी ने रोका और ना ही पुलिस आई।
जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी स्थित एक दुकान से बुधवार को चार किलो लहसुन चोरी हो गया। लहसुन का कारोबार करने वाले दुकान संचालक सचिन कोष्टा को लगा कि लहसुन कृष्णा ने चुराए हैं। फिर क्या था सचिन ने कृष्णा को बुलाया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कृष्णा ने चोरी की बात से इंकार किया, तो सचिन ने डंडा उठाया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसने बाजार में ही कृष्णा के कपड़े उतरवाए और उसके गले में चेन डाल दी।
इसके बाद उसने उसे पूरी मंडी में कुत्ता बनाकर घुमाया गया। इस दौरान भी उसके साथ मारपीट का सिलसिला चलता रहा। तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी व्यक्ति या दुकानदार ने हस्तक्षेप करने की जहमत नहीं उठाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान के कर्मचारी पन्नालाल और पप्पू ने भी मारपीट में दुकान संचालक का साथ दिया। युवक की चैन एक कर्मचारी ही अपने हाथ में थामे हुए था। हैवानियत का क्रम करीब एक घंटे तक चलता रहा। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में जब यह वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने आरोपी व्यापारी को हिरासत में लिया और छोड़ दिया।

