भिंड। लहार में दलित महिला को नंगाकर बाल से घसीटते हुए सर मुंढने वाले आरोपी को मीडिया के भारी दवाब के बाद पुलिस ने गिरफ्तार तो किया लेकिन कुछ ही देर बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पीड़ित दलित महिला के बेटे ने दूसरी जाति की लड़की से प्रेम विवाह कोर्ट में किया था, इस पर युवती के परिजनों ने 11 नवम्बर को दिन-दहाड़े सुबह 10 बजे करीब घर में घुसकर युवक की मां और पिता की बेरहमी से मारपीट की। मां को निर्वस्त्र कर सड़क पर घसीटा गया, लेकिन लाहर पुलिस ने मात्र मारपीट का मामूली मुकदमा दर्ज किया।
महिला का इलाज ग्वालियर के निजी अस्पताल में चल रहा है। एसपी नवनीत भसीन ने डीएसपी ऋतु कैवरे को लाहर भेजा था और मालनपुर टीआई शिव सिंह यादव को ग्वालियर उस अस्पताल भेजा जहां महिला का इलाज चल रहा था।
कांग्रेस विधायक डाॅ0 गोविन्द सिंह ने कांग्रेस नेताओं के साथ रैली निकालकर एसडीएम एलके पांडे को ज्ञापन दिया और पुलिस पर कार्यवाही की मांग की। महिला बाल विकास और जिले की प्रभारी मंत्री माया सिंह ने कलेक्टर भिंड इलैया राजा टी से मामले की जानकारी ली।
ताज्जुब की बात तो यह है कि लोकल पुलिस के इस व्यवहार के बाद भी एसपी भिंड ने जिम्मेदार टीआई के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

