भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक श्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम की पतंगबाजी करके गोवेल्स को भी मात दे दी है। अपने मुहं मियां मिठ्ठू बनते हुए उन्होंने खुद अपनी पीठ थपथपा दी कि कांग्रेस की प्रासंगिकता 44 सीटे प्राप्त करने के बाद भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि श्री दिग्विजय सिंह 10 वर्षो तक मुख्यमंत्री रहे और 2003 के विधानसभा चुनाव में शर्मनाक पराजय हासिल की। बाद के 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्तोन्मुख नहीं हो पायी फिर भी कांग्रेस अपने को प्रासंगिक बता रही है।
उन्होंने कहा कि श्री दिग्विजय सिंह उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और जहां जहां चुनाव प्रभारी रहे उन प्रदेशो का बेड़ागर्त कर दिया। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के पूर्ण जो भी संकेत दिए न तो कांग्रेस की बतोलेबाजी सार्थक हुई और न देश की फिजा बिगड़ी जिसका कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का बखान कर रही थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार गठित हुई और भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में सम्मानजनक विजय प्राप्त हुई। 282 का लक्ष्य पूर्ण हुआ। डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की साख को दुनिया में चरम पर पहुंचाकर भारतीयों का गौरव बढ़ाया। तथापि श्री दिग्विजय सिंह बिहार को लेकर जनता में जो भ्रम फैला रहे उसमें उन्हें मुहं की खाना पड़ेगी।
श्री विश्वास सारंग ने कहा कि बिहार में पिछले दो चरणों के मतदान में एनडीए ने बढ़त हासिल की है। आने वाले तीन चरणों में भाजपा की स्थिति और भी मजबूत है क्योंकि आगामी दो चरणों में हो रहे 110 क्षेत्रों के चुनाव में एनडीए के सभी 12 सांसद अपने क्षेत्रों में मजबूत स्थिति में है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जादू बरकरार है। बिहार में एनडीए के विकास और सुशासन के मिशन की जनता मुरीद जो चुकी है।