इंदौर। नाशुक्रे आपस में लड़े, मुआ प्रशासन भी रोक ना सका, अब कर्फ्यू ठोक डाला। हाथों में मेंहदी सजाए दुल्हन घर में बैठी है। बारात बार्डर पर है। समझ नहीं आ रहा, कैसे रस्में निभाएं, कैसे करें विदाई।
पटेल नगर में रहने वाले रंजीतसिंह भाटिया का दर्द कुछ ऐसा ही है। जिनकी इकलौती बेटी की शादी कर्फ्यू की भेंट चढ़ गई है। रंजीत की माने तो उनकी बेटी हरमीत कौर की शादी इंदौर के परमदीप से तय हुई थी। लड़के वालों को बारात लेकर 26 को शादी के लिए खरगोन पहुंचना है लेकिन यहां कर्फ्यू लगने के बाद अब यह शादी यहां नहीं हो सकती।
कलेक्टर ने 3 दिन का कर्फ्यू ठोक रखा है। इसके चलते कई शादियां एवं शुभकार्य स्थगित हो गए। लोगों को लाखों रुपए का नुक्सान तो हुआ ही, अरमान भी ठंडे रह गए। जिन्होंने गलती नहीं की, हर्जाना उन्हें ही भरना पड़ रहा है।