भोपाल। गोविंदपुरा इलाके में ऑटो रिक्शा से बीई छात्रा का अपहरण करने वाला बदमाश बेगमगंज (रायसेन) में लिली डांसर के नाम से फेमस था। पत्नी से झगड़े के बाद उससे बदला लेने की नीयत से छात्रा से ज्यादती करने उसने उसे ऑटो में बैठा लिया था। उसने पीड़िता को धमकाते हुए कहा था कि 'मैंने 18 लड़कियों को रेप कर मार दिया। अगर तूने आवाज निकाली तो गला दबाकर तुझे भी ऊपर पहुंचा दूंगा।'
यह खुलासा आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में किया। क्राइम ब्रांच एएसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 45 वर्षीय शरीफ खान 17 साल की उम्र में बेगमगंज का निगरानी बदमाश बन गया था। उसके बाद वह 1997 से फूटा मकबरा, हनुमानगंज में रहने आ गया। बेगमगंज से उसके अपराधों की डायरी हनुमानगंज पुलिस के पास आ गई थी।
उसने बताया कि वारदात की रात उसका दूसरी पत्नी से विवाद हुआ था। फोन पर झगड़े के बाद वह ऑटो के पास खड़ा हो गया। इसी दौरान उसे वहां से एक छात्रा जाते दिखी। उसने पत्नी से बदला लेने के लिए छात्रा का अपहरण कर उसे ऑटो में खींच लिया।
एएसपी ने कहा कि आरोपी के बताए अनुसार अब तक किसी अज्ञात लड़की से ज्यादती के बाद हत्या का कोई कोई मामला सामने नहीं है लेकिन पुलिस ने लड़कियों के अंधे कत्ल के मामलों की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। हो सकता है कि उसने सिर्फ छात्रा को डराने के लिए कहा हो। हाल में वह बीएचएल कर्मचारी के क्वार्टर में किराए से रह रहा था। पुलिस अब उसे किराए से मकान देने वाले बीएचएल कर्मचारी का पता लगाने में जुट गई है।
महिला से की थी ज्यादती की कोशिश
एएसपी ने बताया कि शरीफ के खिलाफ ज्यादती के प्रयास का मामला पहले से दर्ज है। उसने एक महिला से ज्यादती का प्रयास किया था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया था।
लिली डांसर के नाम से फेमस
शरीफ बेगमगंज में क्लब और होटल में डांस करता था। उसे वहां लिली डांसर के नाम से जाना जाता था। वहां पर दर्जनों अपराध दर्ज होने पर वह भोपाल भाग आया था।
योजना के तहत किया सरेंडर
आरोपी की तलाश में गोविंदपुरा पुलिस ने भोपाल समेत कई जगहों पर दबिश दी थी, लेकिन उसका कुछ सुराग नहीं लगा। पुलिस ने आशंका जताई कि आरोपी ने योजना बनाकर सरेंडर किया है। उसका एक वकील से संपर्क है, लेकिन उसने उसका नाम नहीं बताया। उसने उसी के कहने पर सरेंडर किया।