इंदौर/मध्य प्रदेश। नारायण साई की पत्नी जानकी देवी ने शनिवार को पति और ससुर आसाराम पर संगीन आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया कि साईं के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे। वह भक्ति की आड में महिलाओं का शोषण करता था। जानकी का कहना है कि नारायण साई आश्रम में बालिग और नाबालिग लडकियों को लालच देकर, वशीकरण कर, डरा-धमका कर उनसे अवैैध संबंध बनाता था। वह अपने शिष्यों की संपत्ति भी हडप लेता था।
जानकी ने बताया कि नारायण साई ने लंदन निवासी बीना पटेल की शादी अपने भक्त अनंग नायक से कराई, लेकिन मंगल सूत्र खुद नारायण ने पहनाया और मांग में भी सिंदूर भरा। इस तरह नारायण किसी भी महिला से करीबी बढाने की भूमिका बनाता था। जानकी ने कहा कि मेरे माता-पिता की संपत्तियां बेचकर नारायण ने आश्रम में दान कर दी।
गुरूकुल में बस लेकर दी, जिसकी किस्तें मेरे पिताजी भरते रहे। जानकी का यह आरोप भी है कि नारायण ने उसे केस वापस लेने के लिए फोन पर धमकियां दिलवाई। जानकी ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए नारायण से गुजारा भत्ता मांगा है। इस संबंध में केस की सुनवाई जिला अदालत में चल रही है।
गुजारा भत्ता और घरेलू हिंसा के केस में नारायण को नोटिस भी भेजा जा चुका है। जानकी के वकील रोहित यादव ने बताया कि शनिवार को की गई शिकायत के मुताबिक नारायण साई पर धारा 494,497,498 और 506 के तहत केस दायर किया जा सकता है। एएसआई श्याम किशोर त्रिपाठी (खजराना थाना) का कहना है कि आरोपों की जांच कर आगे का एक्शन तय किया जाएगा।

