भोपाल। अभी तो चुनाव भी नहीं आ रहे, पता नहीं किस बात की जल्दी थी कि बिना टेंडर के नगरनिगम ने शी लाउंज का भूमि पूजन करा डाला। अब यह कब तक बनकर तैयार होगा कहा नहीं जा सकता। भोपाल का पहला शी लाउंज लिंक रोड एक स्थित गुलाब उद्यान में बनने जा रहा है। अभी जिन दो कंपनियों का चयन हुआ है, उन्होंने इस स्थान के लिए टेंडर डाला ही नहीं है। विवाद शुरू होने पर महापौर आलाेक शर्मा ने खुद को प्रक्रिया से अनभिज्ञ बताया। ऐसे में भूमिपूजन के बाद भी शी लाउंज का काम शुरू हो पाए इसमें संदेह है।
नगर निगम ने देश में पहली बार घर के बाहर महिलाओं की मूलभूत सुविधाओं के लिए शी लाउंज बनाने का फैसला किया था, लेकिन स्थान चयन को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। निगम ने पॉलिटेक्निक चौराहे जैसी जगह का चयन किया था, जहां इसकी जरूरत नहीं है। इसके बाद निगम ने गुलाब उद्यान वाली जगह का भी चयन कर लिया और यहां सोमवार को उद्यानिकी मंत्री कुसुम महदेले व महापौर आलोक शर्मा से शहर के पहले शी लाउंज का भूमिपूजन करवा दिया।
सोमवार काे ही लिंक रोड एक स्थित गुलाब उद्यान आम लोगों के लिए खोल दिया गया। उद्यानिकी मंत्री कुसुम महदेले ने सुविधा का उद्घाटन किया। पहले ही दिन सैकड़ों लोग विभिन्न प्रजाति के गुलाबों व अन्य फूलों को देखने पहुंचे।