जबलपुर। कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ ने 20 हजार कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक गिरफ्तारी दी। वो व्यापमं घोटाले के विरोध में यहां प्रदर्शन करने आए थे। इस अवसर पर कमलनाथ ने कहा कि लोगों को समझाना जरूरी है कि व्यापमं घोटाले से उनका कितना नुक्सार हो गया है। कांग्रेस तब तक आंदोलन करती रहेगी जब तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस्तीफे नहीं दे देते। इसकी शुरुआत संस्कारधानी से की गई है।
इन दिनों जब लम्बे लम्बे भाषण का रिकार्ड बनाया जा रहा है कमलनाथ ने सिर्फ 14 मिनट 21 सेकेंड का भाषण दिया। उनकी अपील पर 20 हजार लोग उनके साथ गिरफ्तारी देने के लिए उमड़ पड़े।
युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार, एआईसीसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला और विधायक जीतू पटवारी ने भी व्यापमं घोटाले सहित अन्य मुद्दों पर प्रदेश और केंद्र सरकार को घेरा। आमसभा के बाद कमलनाथ समेत करीब 20 हजार कांग्रेसियों ने मंच से ही औपचारिक गिरफ्तारी दी। बाद में ओमती थाने से निजी मुचालके पर सभी को रिहा कर दिया गया।
'मोदी-शिवराज दोनों कलाकारी करते हैं'
कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरते हुए कहा कि वे कलाकारी करते हैं, इसी तरह मोदी भी कलाकारी करते हैं। दोनों मिलकर गुमराह की राजनीति कर रहे हैं।
इन्वेस्टर्स मीट होती है लेकिन इन्वेस्टर कहां हैं
कमलनाथ ने कहा कि यह साबित हो चुका है कि देश और प्रदेश में उद्योगपतियों की सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री केवल इन्वेस्टर्स मीट करते हैं, लेकिन उद्योग कहां हैं? युवाओं को रोजगार कहां मिला?
जबलपुर से शुरु हुआ आंदोलन पूरे देश में चलेगा
युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार ने कहा कि व्यापमं घोटाला आजादी के बाद सबसे बड़ा घोटाला है। इसे प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री ने किया है। जबलपुर से शुरू हुआ जेलभरो आन्दोलन पूरे देश मे किया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने व्यापमं घोटाले में 70 लाख 70 हजार 470 नौकरियां और 168 परीक्षाओं का आंकड़ा देते हुए इसे बड़ा घोटाला बताया। उनहोंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को इसके लिए जिम्मेवार माना।