भोपाल। देश में सामान्यत: संगठन पीड़ितों के बनते हैं, कई बार ऐसे लोगों या संस्थाओं का समूह भी संगठन बना लेता है जो अपने खिलाफ होने वाली संभावित कार्रवाई से बचने के लिए सरकार पर दवाब बनाना चाहता है परंतु इस बार सरकार से सीधा लोहा लेने वाले अधिकारियों का संगठन बनता दिखाई दे रहा है। अब से पहले तक ऐसे लोग अपनी लड़ाई अकेले अकेले लड़ा करते थे।
उत्तर प्रदेश के निलंबित आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर ने ‘सत्य की लडाई’ में उन्हें भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के लिए चर्चित अधिकारियों अशोक खेमका और संजीव चतुर्वेदी के नैतिक समर्थन का दावा किया है।
महानिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी अमिताभ और उनकी सामाजिक कार्यकर्ता पत्नी नूतन ने रविवार को कहा, 'जिस महिला ने हमारे खिलाफ रेप का आरोप लगाया है, उसे उत्तर प्रदेश के खनन मंत्री गायत्री प्रजापति एक कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं और यह सब एक बड़ी साजिश का हिस्सा है।'
बकौल नूतन ठाकुर, अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि दोनों अधिकारियों की हौसला अफजाई पर उन्हें न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए जोरदार मानसिक संबल प्राप्त हुआ है।