बरेली। बरेली के शेरगढ़ कस्बे के गांव की छात्राओं ने मनचलों की दहशत से स्कूल जाना छोड़ दिया है। वहीं, इस मामले में महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन यादव पर पीड़ित लड़कियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित छात्राओं का कहना है कि महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने उनसे कहा कि अगर तुमने इस संबंध में मीडिया में बयान दिया तो तुम्हारी शादी नहीं होगी। पीड़ित छात्राओं का कहना है कि आयोग की उपाध्यक्ष सुमन यादव ने उन्हें आरोपी लड़कों के साथ समझौता करने के लिए कहा।
मीडिया में ख़बर दिखाए जाने के बाद महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन यादव यहां पीड़ित छात्राओं से मिलने के लिए पहुंची थी। वहीं, घटना के सामने आने के बाद जिलाधिकारी भी पीड़ित छात्राओं से मिलने के लिए पहुंचे। जिलाधिकारी गौरव दयाल ने पीड़ित छात्राओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने नदी पर पुल बनाने की बात कही। वहीं, इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।