कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और कर्मचारी के बीच मारपीट

जबलपुर। रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी में सोमवार को कर्मचारी आपस में भिड़ गए। मकान आवंटन को लेकर छिड़ी बहस कुछ ही देर में लात-घूसों में बदल गई। घटना के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

घटना करीब सुबह 11.15 बजे की बताई गई है। स्थापना विभाग में पदस्थ शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वंशबहोर पटेल और कर्मचारी जमुना मिश्रा के बीच मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक वंशबहोर पटेल ने शिकायत में बताया कि वे दफ्तर आने के लिए प्रशासनिक भवन के द्वार पर पहुंचे। उसी वक्त जमुना मिश्रा, मनीष पांडे, उमाशंकर, रविन्द्र अपने 4-5 साथियों के साथ आया और मकान आवंटन को लेकर बातचीत करने लगा। कुछ ही देर में बातचीत बहस में तब्दील हो गई। जमुना और उसके साथियों ने वंशबहोर पटेल से मारपीट कर दी। इधर जमुना मिश्रा की ओर से दी गई शिकायत में वंशबहोर पटेल पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। सिविल लाइन थाने ने दोनों पक्ष से शिकायत दर्ज कर मामला जांच में लिया है।

संघ की शिकायत में नाम नहीं
मारपीट की घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया। वंशबहोर पटेल के साथ मारपीट के बाद संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। पत्र में मारपीट करने वालों के नाम का उल्लेख नहीं है। इधर वंशबहोर पटेल की शिकायत पर प्रशासन ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज करने को लिखा है।

मकान को लेकर मारपीट
यूनिवर्सिटी में कर्मचारियों का आवास एक बड़ी समस्या है। कर्मचारियों की संख्या से काफी कम मकान हैं। अवैध कब्जे हटने के बाद से कर्मचारी किराए के मकानों में रह रहे हैं। आवास आवंटन को लेकर कर्मचारियों के बीच मारामारी होती है। एक मकान खाली मिलते ही उसमें तीन-चार कर्मचारी कब्जा करने टूट पड़ते हैं। बताया जाता है कि दो दिन पहले ही एक कर्मचारी ने रिटायर होने के बाद मकान खाली किया। जिसके बाद उस मकान पर चार कर्मचारियों ने कब्जा कर लिया। जबकि प्रशासन की ओर से मकान आवंटन की कार्रवाई हो रही थी। इससे पहले ही कर्मचारियों को खबर लगी कि आवंटन से पूर्व जो वरिष्ठता सूची प्रशासन ने तैयार करवाई है उसमें गड़बड़ी है। जिसके कारण पात्र की बजाए चहेतों को वरिष्ठता क्रम में ऊपर रखा गया है। इसी बात को लेकर जमुना मिश्रा, मनीष पांडे, उमाशंकर मिश्रा और राजेन्द्र तिवारी बातचीत करने वंशबहोर पटेल के पास गए।

.............
प्रशासन के पास कर्मचारी संघ की शिकायत आई है। उस पर कार्रवाई के लिए लिखा गया है। रजिस्ट्रार के आने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
दीपेश मिश्रा
प्रभारी कुलसचिव आरडीयू

भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!