भोपाल। मध्यप्रदेश में विश्व हाथ धुलाई दिवस 15 अक्टूबर 2014 पर बने विश्व कीर्तिमान को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकार्ड की मान्यता मिल गई है। गिनीज बुक की अधिकृत वेबसाइट पर मध्यप्रदेश में रचे गये इस विश्व कीर्तिमान की जानकारी दर्ज है। मध्यप्रदेश को विश्व कीर्तिमान रचने की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिये शीघ्र ही समारोहपूर्वक प्रमाण-पत्र सौंपा जायेगा।
गिनीज बुक के अनुसार विश्व हाथ धुलाई दिवस पर मध्यप्रदेश में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सभी 51 जिले में 13 हजार 196 अलग-अलग स्थान पर आयोजित हाथ धुलाई कार्यक्रम में एक ही समय में एक साथ 12 लाख 76 हजार 425 विद्यार्थियों ने एक साथ भागीदारी कर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया था। इससे पहले हाथ धुलाई का विश्व रेकार्ड अर्जेन्टीना, पेरू और मेक्सिको के नाम पर दर्ज था। इन तीन देश में गत 14 अक्टूबर 2011 को अलग-अलग स्थान पर एकसाथ 7 लाख 40 हजार 870 लोगों ने हाथ धोकर विश्व कीर्तिमान बनाया था। मध्यप्रदेश ने इस कीर्तिमान को पीछे छोड़ते हुए 15 अक्टूबर 2014 को एकसाथ हाथ धुलाई का नया विश्व कीर्तिमान रचा।
गिनीज बुक द्वारा इस प्रमाणित विवरण के आधार पर ही विश्व हाथ धुलाई के नये विश्व कीर्तिमान को मान्यता दी गई है। गिनीज बुक द्वारा इस बारे में जानकारी अधिकृत वेबसाइट
http://www.guinnessworldrecords.com/world-records/most-people-washing-their-hands-multiple-locations
पर दर्ज कर दी गई है।
