भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सभागार में आज अनुसूचित जाति विभाग की एक अत्यावश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने की। अभा कांग्रेस अजा विभाग के संयोजक एवं प्रदेश प्रभारी जयदीप कालिया, प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष अरूण यादव, नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे विशेष रूप से उपस्थित थे।
श्री कालिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के साथ केंद्र और राज्य सरकार भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। डाॅ. भीमराव अंबेडकर के नाम की आड़ लेकर कांग्रेस पार्टी और अजा वर्ग को गुमराह कर रही है। मनरेगा में अधिकतर लोग हमारे वर्ग विशेष के हैं, जिन्हें वह अधिकार नहीं दिया जाता जो उन्हें मिलना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में व्यापम का मुद्दा आप सभी के सामने हैं, उसकी लड़ाई हमें पूरी ताकत और जोश के साथ लड़ना है, हमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का इस्तीफा कराकर ही रहेंगे।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री कटारे ने कहा कि प्रदेश में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है और वह दलितों पर लगातार अत्याचार कर रही है, लगभग 1 लाख नौकरियों के पद खाली हैं, जिनकी भर्ती नहीं कर रही है। आरएसएस की सहयोगी संस्थाएं दलितों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का पुरजोर कृत्य कर रही है।