MBBS डॉक्टर निकला चिटफंड कंपनी का संचालक

Updesh Awasthee
भोपाल। राजधानी पुलिस ने एक एमबीबीएस डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कई लोगों को ठगा है। सीहोर में खोले जा रहे एक मल्टी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में मुफ्त इलाज और फायदे में हिस्सा देने के नाम पर ये ठगी की गई।

करोंद में रहने वाले 40 वर्षीय भागीरथ अहिरवार और दो अन्य ने महीनेभर पहले इसकी शिकायत एमपी नगर पुलिस से की थी। एएसपी रियाज इकबाल के मुताबिक शिकायत अमरनाथ कॉलोनी, कोलार रोड निवासी डॉ. हितेश शर्मा और सीहोर निवासी उनके दो पार्टनर शैलेंद्र नागर व सुशील राय के खिलाफ थी।

हितेश का सीएमएच नाम से दस नंबर मार्केट और अशोका गार्डन में अस्पताल भी है। तीनों ने मिलकर वर्ष 2013 में एमपी नगर में श्याम सुंदर डील फायनेंस नाम से एक कंपनी खोली थी। उनका दावा था कि वे जल्द ही सीहोर में एक मल्टी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल खोल रहे हैं। उक्त कंपनी में निवेश करने वाले लोगों और उनके परिवार के सदस्यों को मुफ्त इलाज दिया जाएगा। साथ ही अस्पताल में हुए सालाना फायदे में से हिस्सा भी दिया जाएगा।

इनकी बातों में आकर भागीरथ और दो अन्य लोगों ने डेढ़ लाख रुपए आरोपियों को दे दिए थे। तय समय सीमा के बाद भी भागीरथ को मुनाफे की रकम नहीं मिली तो उसने पुलिस को शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने 22 मई को तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

अब दोनों पार्टनर्स की तलाश
पुलिस ने इस मामले में डॉक्टर के दोनों साथियों की तलाश शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर में डॉक्टर काे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भोपाल पुलिस ने चिटफंड कंपनियों के खिलाफ मुहिम शुरू की है। इसके तहत केवल एमपी नगर में ही 10 कंपनियों की सूची तैयार की ली गई है।

शिकायत की तो करवा दिया हमला
एएसपी ने बताया कि शिकायत से नाराज आरोपियों ने भागीरथ पर हमला भी करवा दिया। हमले में भागीरथ का हाथ तोड़ दिया गया था। उसकी शिकायत पर हनुमानगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!