मुलताई। क्या कोई भिखारी इतना भी धनवान हो सकता है कि वो ब्याज पर लोन देने का धंधा कर ले। वेसे धनवान भिखारियों की कहानियां कभी कभी सुनाई देतीं रहतीं हैं परंतु ताजा मामला मप्र के बैतूल जिले की मुलताई तहसील से आ रहा है। यहां करीब 25 सालों से भीख मांग रहे एक भिखारी के पास इतना पैसा जमा हो गया कि लोग उससे ब्याज पर लोन मांगने लगे। उसने धंधे के लिए लोन दिया लेकिन लोन लेने वाले डिफाल्टर्स निकले। अब भिखारी अपनी वसूली के लिए पुलिस की मदद मांग रहा है।
इस भिखारी का नाम है शेख शफी। जनाब 25 साल से भीख मांग रहे हैं। भीख में जमा हुए पैसों से गुजर बसर करते, कुछ पैसा बच जाता। उसे पास रख लेते। धीरे धीरे अच्छा पैसा जमा हो गया। अब हालात यह हो गए कि लोग धंधे के लिए इस भिखारी से लोन मांगने लगे। बदले में मोटा ब्याज देने का लालच। मुलताई का भिखारी अब शेख साहब बनने चला था। उसने लोन दे डाला। एक दो नहीं बल्कि दर्जन भर लोगों को। पैसा आने लगा तो शेख साहब ने शादी भी कर ली। महाराष्ट्र की रुमाना परवीन उनकी हमराज बनीं।
शादी के बाद रुमाना ने हिसाब किताब पूछना शुरू किया। शेख साहब ने बताया कि 6 लोगों को कर्ज दे रखा है लेकिन वो पैसा नहीं चुका रहे हैं। मामला आगे बढ़ गया और अब शेख साहब पुलिस के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। अपना पेसा वापस पाने के लिए।