पति को सबक सिखाने पत्नी ने कराई घर में चोरी

Updesh Awasthee
जबलपुर। पति की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला अपने पूर्व प्रेमी के संग रहना चाहती थी, लेकिन प्रेमी ने जब अपनी खराब आर्थिक स्थिति बताई तो महिला ने उसके साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी की योजना बना डाली। योजना के मुताबिक महिला जब अकेली थी तो उसका प्रेमी पहुंचा और 70 हजार रुपए और लाखों के जेवर घर से ले गया। मामले की जांच पुलिस ने शुरू की तो सच सामने आया। माढ़ोताल पुलिस ने कटनी निवासी आरोपी प्रेमी नीरज और महिला को गिरफ्तार कर 2 लाख कीमत के जेवर और 51,525 रुपए जब्त कर लिए हैं। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने इनाम देने की घोषणा की है।

24 जून को हई चोरी
एएसपी शहर गीतेश गर्ग ने बताया कि 24 जून को करमेता निवासी दीपक चौहान ने घर से 70 हजार रुपए और लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट कराई थी। अधारताल सीएसपी सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर और माढ़ोताल टीआई सुजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

महिला ने पहले जो पुलिस को बताया
जांच के दौरान दीपक की बहू आरती ने बताया कि घटना के वक्त वह घर में अकेली थी। दोपहर 12 बजे का समय था। तभी एक नकाबपोश युवक पहुंचा और उसे व उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह डर गई। वह किसी तरह से भागकर घर से कुछ दूर बैठी अपनी सास को जानकारी देने चली गई। युवक ने पेटी व सूटकेस में रखे नकदी और जेवर चुरा लिए।

बाद में बताया सच, प्रेमी के साथ रहना चाहती थी
पुलिस को जब आरती के बयान संदिग्ध लगे तो उससे सघन पूछताछ की। आरती ने बाद में सच का खुलासा किया। उसने बताया कि पति प्रदीप शराब पीकर मारपीट करता था। इसीलिए वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। विवाह के पूर्व कटनी तखला निवासी नीरज नुनिया (25) से उसके प्रेम संबंध थे। पति से परेशान होकर उसने नीरज को फोन किया और साथ में रहने के लिए कहा। लेकिन नीरज ने रुपए नहीं होने की बात कही। जिस पर उसने नीरज के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!