भोपाल। होशंगाबाद में एक बदमाश ने भाजपा नेता देवेन्द्र रूसिया को चाकू मारा और संगठन मंत्री के घर में जा छिपा। बाद में आधीरात के करीब गुस्साए एक सैकड़ा भाजपाईयों ने संगठन मंत्री के घर पर हमला बोल दिया और जमकर पथराव किया। बताया जाता है कि चाकू मारने वाला आरोपी भी भाजपा का कार्यकर्ता है एवं पार्षद रह चुका है।
विवाद फेसबुक पर अपलोड की गई एक पोस्ट से शुरू हुई। इस संदर्भ में सतरस्ते पर भाजपा नेता देवेन्द्र रूसिया एवं तपेश गौर के बीच बातचीत के दौरान बहस हो गई। इससे गुस्साए तपेश गौर ने देवेंद्र रूसिया को चाकू मार दिया। उन्हें हाथ में चोट आई है। घटना की खबर लगते ही भाजपाइयों की अस्पताल में भीड़ जमा हो गई थी।
इस बीच पता चला कि हमला करने वाला तपेश गौर भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री जितेन्द्र लिटोरिया के सिविल लाइन स्थित निवास में छुपा हुआ है। जिसके बाद रात करीब 11 बजे 50 से 60 अज्ञात लोगों ने जितेंद्र लिटोरिया के घर पर जमकर पथराव कर दिया।
इधर संगठन मंत्री के घर पर पथराव करने के आरोप में भाजपा जिलाध्यक्ष संपत मूंदड़ा ने पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष देवेंद्र रूसिया, पूर्व पार्षद तपेश गौर और भाजयुमो नगर उपाध्यक्ष बबलू यादव को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। वहीं संगठन मंत्री के निवास पर हुई घटना के बाद दिनभर भाजपा के आला नेताओं का जमघट लगा रहा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ड़ा सीतासरन शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री तपन भौमिक सहित अनेक नेताओं ने पहुंचकर हाल जाना।
बताया जा रहा है कि चाकूबाजी का आरोपी तपेश गौर भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री जितेन्द्र लिटोरिया का खास पट्ठा है और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उनके यहां जा छिपा था। आरोप है कि उसने घटना की जानकारी संगठन मंत्री को दे दी थी लेकिन संगठन मंत्री ने उसे बचाने का प्रयास किया और गुस्साए भाजपाईयों ने इसीलिए पथराव किया।
