भोपाल। रविवार को राजधानी के भेल दशहरा मैदान में आयोजित भाजपा के सुशासन संकल्प सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शिवराज की खुलकर तारीफ तो की ही, साथ ही व्यापमं मामले में अप्रत्यक्ष रूप से शिवराज का साथ निभाया। प्रदेश अध्यक्ष नंदूभैया तो जैसे दिग्गी पर टूट ही पड़े, पहले 'दिगम्बर' बना देने का ऐलान किया था, यहां भरी सभा में सिरफिरा नेता करार दिया।
शाह ने व्यापमं घोटाले और कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि कांग्रेस के कुछ लोगों से सहन नहीं हो होता है कि एक गरीब का बेटा सीएम बनकर बैठा है। यहां अभी तक राजे-रजवा़ड़ों का शासन था। यही वजह है कि अनर्गल आरोप लगाते हैं। दिल्ली में बैठकर पत्रकारवार्ता करते हैं।
दिग्विजय पर साधा निशाना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सिरफिरे नेता दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री पर व्यापमं घोटाले को लेकर आरोप लगाए थे। हाईकोर्ट ने उनकी पेनड्राइव और एक्सलशीट को झूठा करार दिया है। जालसाज अब खुद कानून के कटघरे में ख़ड़े होने के काबिल हो गया है। इससे यह बात साबित हो गई है कि सच्चों का बोलबाला और झूठों का..।
इसके जवाब मे मंच के नीचे से कुछ ऐसे नारे भी लगे जिनका उल्लेख करना मर्यादित नहीं होगा।