लाठियों से पीट पीटकर मार डाला प्रेमी युगल, राख और हड्डियां बरामद

गया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के अमैठा गांव में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। बुधवार की सुबह गांव की 16 वर्षीया परवतिया कुमारी और उसके शादीशुदा प्रेमी जयराम मांझी (36) की लाठी-डंडे और खंती से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। परवतिया देवी के पिता भोला मांझी, उसके चाचा और अन्य घरवालों पर हत्या का आरोप है। दोनों की हत्या करने के बाद शवों को गांव के ही श्मशान में जला दिया गया।

घटना के बाद से परवतिया देवी के घरवाले व संबंधी फरार हैं। पुलिस ने परवतिया कुमारी की चाची बेबी देवी को गिरफ्तार किया है। जयराम मांझी की शादी अमैठा गांव की शारदा देवी से हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। जयराम मांझी अक्सर अपनी ससुराल आया करता था। इसी दौरान उसे बगल की रहने वाली परवतिया से प्यार हो गया। जयराम परवतिया का रिश्ते का फूफा लगता था। जयराम मांझी की साली सोना कुमारी के बयान पर वजीरगंज थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दो दिन पहले अमैठा से भागे थे दोनों
जयराम दो दिन पहले अमैठा से परवतिया को लेकर निकला था। दो दिन उसने इधर-उधर समय बिताया। बुधवार की सुबह पहाड़पुर स्टेशन से दोनों कहीं निकलने की कोशिश में थे। जयराम की पत्नी शारदा के मुताबिक परवतिया ने अपने रिश्तेदार को फोन कर पहाड़पुर स्टेशन पर होने की सूचना दी। परवतिया के घरवाले पहड़ापुर स्टेशन से दोनों को अमैठा लेकर आए। दोनों को हाथ बांध कर रखा गया। इसके बाद सब ने फैसला किया कि दोनों को जिंदा रहने का हक नहीं है। थोड़ी देर बाद दोनों की हत्या कर दी गई।

पुलिस ने शवों की हड्डियां और राख बरामद किया
घटना की गंभीरता देखते हुए एसएसपी मनु महाराज अमैठा पहुंचे। उन्होंने उस स्थान का भी जायजा लिया, जहां दोनों के शवों को जलाया गया। बुधवार की दोपहर तक श्मशान घाट की लकड़ियों में ताप थी। एसएसपी के निर्देश पर शवों की हड्डियां और राख बरामद की गई हैं। एसएसपी ने कहा कि लड़की के घरवालों ने घटना को अंजाम दिया है। हड्डी और राख को एफएसएल भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर हड्डियों का डीएनए भी कराया जा सकता है।

हत्या के बाद गांव में एक भी पुरुष सदस्य नहीं
गया मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर वजीरगंज प्रखंड के अमैठा गांव में बुधवार की दोपहर खामोशी थी। यहां श्मशान घाट की राख की तपिश दूर से महसूस हो रही थी। एसएसपी मनु महाराज और दूसरे अधिकारी अनुमान लगा रहे हैं। वे कहते हैं-तीन-चार घंटे पहले ही शवों को जलाया गया है।

यहां जरूरी साक्ष्य एकत्रित करने की बात कह अधिकारी गांव पहुंचे। चारो तरफ सन्नाटा पसरा था। गांव में एक भी पुरुष नहीं हैं। महिलाएं कुछ भी बताने को तैयार नहीं, नाम तक लेना नहीं चाहती। कहतीं हैं गोबर चुनने गईं थी सुबह। जयराम मांझी के ससुराल व परवतिया के घर तक पहुंचने के रास्ते में किवाड़ से झांकती लड़कियां सहमी हैं। एक पुलिस अधिकारी कहते हैं कि सबों ने सुबह प्रेमी युगल की दर्दनाक पिटाई देखी है।

थाने में एसएसपी के सामने लड़की की चाची बेबी देवी ने कहा कि लड़किया के बापे मार देलई। कहलई कि अब रहिए के का होतई...। बेबी के मुताबिक पिता ने सबको कहा- हमरा एकदम बेस न लगइत हो। सर..झुका दिया। पूछा गया कि क्या तुम्हारे सामने सब हुआ। मारने में तुम्हारी सहमति थी, तो उसने कहा गांववां से उपर हलथिन ओहनी? (गांव से उपर थे क्या दोनों)। हम भी कहलिए मार द..।

तीन बच्चों के साथ गर्भवती है जयराम की पत्नी
वजीरगंज थाना में जयराम मांझी की पत्नी शारदा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। कहती है। उसके तीन बच्चे कृष्ण कुमार, रूणका कुमारी और रवीना कुमारी है। वह गर्भवती भी है। शारदा ने बताया कि वह अपने ससुराल कसियाडीह में थी। उसी समय उसे पति की हत्या की जानकारी मिली। शारदा के मुताबिक परवतिया और उसके पति जयराम के साथ हसरा सलैया में अपनी मौसी के घर पर थी। परवतिया ने अपने बड़े भाई को यहां रहने की बात कही। अमैठा से जाकर लोग दोनों को पकड़कर ले आए।

जयराम मांझी की साली सोना कुमारी के बयान पर लड़की के पिता भोला मांझी, चाचा कुलदीप मांझी, शिबु मांझी, सोजित मांझी, राजू मांझी, सुरेश मांझी, बेबी देवी, दुलारी देवी, मालो देवी, रूबी देवी सहित 15 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

पंचायती से पहले ही मार डाला
प्रेमी प्रेमिका को जब अमैठा लाया गया तो पहले पंचायती  करने की बात थी लेकिन घरवाले इसके लिए तैयार नहीं थे। जयराम मांझी का हाथ बांध दिया गया और उसकी पिटाई शुरू की गई। सूत्र बताते हैं कि सबों ने इस दर्दनाक वारदात को देखा लेकिन किसी ने इसके खिलाफ आवाज नहीं उठायी। बाद में लोगों ने परवतिया को भी मार डाला।

इकलौती संतान थी परवतिया
परवतिया अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। रविवार की रात जब वह जयराम के साथ घर से निकली, तो सभी उनकी खोजबीन में लग गए।सूत्रों की मानें, तो उसके माता-पिता परवतिया से बहुत प्यार करते थे। एक मजदूर और शादीशुदा युवक के साथ भाग जाने से वे बहुत आहत थे। बुधवार की सुबह जब दोनों को पहाड़पुर से पकड़ा गया, तो उन्हें जान से मारने के विषय में किसी ने नहीं सोचा था। बताया जाता है कि पकड़े जाने के बाद भी लड़की अपने प्रेमी से अलग रहने को तैयार नहीं थी। पुलिस ने अमैठा गांव से एक बाइक जब्त की है।

भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!