भोपाल। राजधानी में आज प्रकाश में आया बसंतीबाई हत्याकांड मिसरौद पुलिस की ठसक का अंजाम है। मृत महिला 2 दिन पहले पुलिस से मदद मांगने गई थी, पति ने उसकी आंख फोड़ने की कोशिश की थी और स्तन काट डाला था, लेकिन अपनी ठसक के चलते पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजा बीती रात उसके पति ने फावड़े से उसका गला काट डाला और फरार हो गया।
आशिमा माल और केवी-3 की बीच स्थित बस्ती में संदिग्ध अवस्था में महिला का शव मिला है। बताया जा रहा है कि उसकी हत्या गला रेतकर उसके पति ने की है। पति मौके से गायब है। अब मिसरोद थाने की पुलिस जांच में जुट गई है। मृतका के पड़ोसी ने बताया कि महिला बसंतीबाई ने दो दिन पहले मिसरोद थाने में शिकायत की थी कि उसके पति रजनीश ठाकुर ने उसकी आंख पर चोट की है और उसका स्तन काट दिया है लेकिन मिसरोद पुलिस ने इस बात पर कोई गौर नहीं किया। उनके बीच तीन-चार दिन से लगातार झगड़ा चल रहा था।
रात को भी वे झगड़ते रहे थे
महिला का अपने पति से तीन-चार दिन से झगड़ा चल रहा था। उसे सुलझाने के उसके पिता घर आए हुए थे। सोमवार रात को वह अपने दूसरे रिश्तेदार के वहां सोने चले गए थे। सुबह जब वह घर आए तो देखा कि उनकी बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। वहीं, आरोपी की मां ने सुबह मोहल्ले में बताया था कि उसकी बहू घर से सामान लेकर भाग गई है।