हरदा। अंतत: कांग्रेस विधायक आरके दोगने ने पूर्व घोषित आत्मदाह स्थगित कर दिया। पुलिसिया कार्रवाई के बाद अस्पताल में भर्ती हुए विधायक ने पहले अस्पताल में ही आमरण अनशन का ऐलान किया लेकिन बाद में जूस पीकर अनशन त्याग दिया। उन्हें राऊ से कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने जूस पिलाया।
इसके पहले पुलिस ने विधायक दोगने को रात 12 बजे बलपूर्वक धरनास्थल से उठाकर अस्पताल में भर्ती करवा दिया था।
इस दौरान पुलिस ने विरोध कर रहे कांग्रेसियों पर लाठी चार्ज भी किया जिसमें 8 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये लोग भाजपा नेता और पूर्व मंत्री कमल पटेल को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। पंचायत चुनाव में इनके बीच विवाद हुआ था। इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित 17 कांग्रेसी जेल में बंद हैं।
