हरदा। कांग्रेस विधायक डॉ. आरके दोगने पुलिस प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैए से दुखी व नाराज हैं। मंगलवार की दोपहर वे नारायण टॉकीज चौक पर पचासों कार्यकर्ताओं के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
विधायक डॉ. दोगने ने साफ लहजे में प्रशासन को चेता दिया है कि झांझरी गांव की घटना में आरोपी पूर्व मंत्री कमल पटेल उनके पुत्र व अन्य को गिरफ्तार नहीं किया तो वे कार्यकर्ताओं के साथ आत्मदाह करने को विवश हो जाएंगे।
भरी सभा में विधायक के इस कथन से अब जिला पुलिस प्रशासन सकते में आ गया है। अपनी पार्टी के विधायक की इस घोषणा से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे हरदा आने वाले हैं। विधायक दोगने ने धरनास्थल से ही इन नेताओं व पार्टी के चार-पांच विधायकों से फोन पर बातचीत की है।
पंचायत चुनाव के समय प्रचार थमने के बाद झांझरी गांव में भाजपा व कांग्रेस के गुट में झड़प हुई थी। इसमें फायरिंग हुई और गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार समेत 17 आरोपियों को पुलिस जेल भिजवा चुकी है। लेकिन भाजपा गुट के किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। पुलिस पर पूर्व मंत्री और उनके पुत्र की गिरफ्तारी का दबाव बनाने कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। हरदा के एसपी प्रेमबाबू शर्मा का कहना है पुलिस पर किसी पार्टी या नेता के दबाव में नहीं है।
काउंटर केस में छीपाबड़ थाने में दर्ज एफआईआर की विवेचना स्वतंत्र जांच अधिकारी से करवाई थी। रिपोर्ट आने पर गिरफ्तारियां की गईं। हरदा थाने में जो एफआईआर हुई, उसकी विवेचना चल रही है। उसे पूरी तो हो जाने दीजिए। फिर कमल पटेल व अन्य की गिरफ्तारी भी होगी।