भोपाल। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को अपने पदाधिकारियों की लिस्ट बदलना है। किसको कहां फिट करना है तय हो गया है। मध्यप्रदेश से कौन जाएगा, यह भी तय है परंतु यह लिस्ट अभी तक रुकी हुई है क्योंकि भाजपा में योग्य महिला कार्यकर्ताओं का खासा टोटा है और कार्यकारिणी में 33 प्रतिशत आरक्षण देना है।
शाह की टीम में नए पदाधिकारियों के लिए जिन नामों की चर्चा है, उनमें ओम प्रकाश माथुर, अर्जुन मुंडा, आर अशोक, अनिल माधव दवे, महेंद्र सिंह, त्रिविंद्र सिंह रावत व कैलाश विजयवर्गीय के नाम प्रमुख है। महिलाओं के लिए आरक्षित एक तिहाई पदों को भरने का संकट बरकरार है। ऐसे में कुछ पद खाली रखे जा सकते है, ताकि भविष्य में गुंजाईश बनी रहे।
पिछले महीने हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व भाजपा की समन्वय समिति की बैठक में भाजपा संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर खाली पड़े पदों का मुद्दा भी चर्चा में आया था।
सूत्रों के अनुसार संघ नेतृत्व को बताया गया था कि कार्यकारिणी की बैठक के बाद सभी पदाधिकारियों के तय कर लिए जाएंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के सामने सबसे बड़ी समस्या पार्टी संविधान की पदाधिकारियों में एक तिहाई पद महिलाओं को देने की है। शाह की कार्यशैली की मुताबिक पार्टी को देश भर से एक तिहाई महिलाएं नहीं मिल पा रही है। सूत्रों के अनुसार खाली पड़े 13 पदों में 2-3 महिलाएं ही आ सकती है। साथ ही पदाधिकारियों के एक-दो पद खाली रखे जाएंगे जिससे की एक तिहाई महिलाओं का मुद्दा न उठे।
कुछ सचिवों की हो सकती है पदोन्नति
शाह की टीम के पुनर्गठन में कुछ सचिवों की पदोन्नति भी हो सकती है। सदस्यता अभियान के सह प्रभारी अरुण सिंह, डा अनिल जैन, सिद्धार्थनाथ सिंह व श्रीकांत शर्मा को पदोन्नत किया जा सकता है। शाह इस समय पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं जो अगले साल जनवरी में समाप्त हो जाएगा।
पूरे देश का दौरा करने वाले पहले अध्यक्ष होंगे शाह
अमित शाह इस समय देश भर का दौरा कर रहे हैं। 24 राज्यों का दौरा कर चुके शाह 30 अप्रैल तक सभी राज्यों व केंद्र शासित राज्यों का दौरा करने वाले पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। इसमें भी सबसे अहम बात यह है कि वे हर राज्य में सभी जिलों के अध्यक्षों व संगठन मंत्रियों से भी बैठकें कर रहे हैं। इसके पहले किसी अध्यक्ष ने जिला स्तर की कवायद नहीं की थी।
