इंदौर। राऊ में रहने वाली एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह शुक्रवार सुबह कॉलेज के लिए निकली थी। शाम को उसके पिता को अनजान नंबर से कॉल आया कि बेटी को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। भर्ती कराने वालों के नाम पते भी फर्जी निकले हैं।
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम विस्मिता ठाकुर (20) है। वह संघवी इनोवेटिव कॉलेज में बीसीए फर्स्ट इयर की छात्रा थी। 21 अप्रैल को उसकी शादी होने वाली थी।
पिता महेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम को अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली तो वे निजी अस्पताल पहंचे। वहां बेटी को देख वे बेसुध हो गए। बेटी अकसर कॉलेज से दोपहर 3 बजे तक घर आ जाती थी। शुक्रवार दोपहर 12 बजे वह कॉलेज के लिए निकली। दोपहर तक जब वह घर नहीं पहुंची तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। इस बीच शाम को खबर आई कि वह चोइथराम अस्पताल में भर्ती है। इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। पिता को जिस अनजान नंबर से फोन आया, उसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है।
