भोपाल। बरखेड़ी में आपस में झगड़ रहे लोगों को समझा रहे सिपाही को बदमाशों ने पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक बनी है। घटना बुधवार रात की है। आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम में तैनात आरक्षक 28 वर्षीय शैलेंद्र सिंह बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक्सटॉल कॉलेज के पास बरखेड़ी में एक होटल से खाना लेने गया था। वहां कुछ लोग आपस में मारपीट कर रहे थे, आरक्षक ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो राहुल नामक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
उन्होंने सिपाही के पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद आरोपी भाग गए। एम्बुलेंस से घायल सिपाही को पीरगेट स्थित चिरायु अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने राहुल व उसके दोस्तों के खिलाफ प्राणघातक हमला तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कर लिया।
