जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर नगर निगम के निर्दलीय पार्षद ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए एक अजीबो-गरीब तरीका अपनाया। हनुमानताल वार्ड के निर्दलीय पार्षद श्याम कृष्ण तिवारी वार्ड की समस्याओं को लेकर कुएं के अंदर धरने पर बैठ गए।
पार्षद के कुएं में धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही महापौर स्वाति गोडबोले वहां पहुंची और उन्हें इस बात का आश्वासन दिया कि क्षेत्र के सभी काम जल्द किए जाएंगे। उनके आश्वासन के बाद पार्षद कुएं से बाहर निकले।
पार्षद तिवारी का कहना था कि उनके वार्ड के कुएं की न तो मरम्मत कराई जा रही है और न ही साफ सफाई। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
इसके अलावा उनके वार्ड के लगभग 3.5 हजार शौचालय भी कच्चे हैं, जिन्हें पक्का नहीं किया जा रहा है। अन्य समस्याओं पर नगर निगम ध्यान नहीं दे रहा है।