भोपाल। यूं तो शैक्षणिक संस्थाओं में राजनैतिक गतिविधियां प्रतिबंधित हैं परंतु सत्तारुढ़ पार्टी भाजपा युवा मोर्चा ने तय किया है कि वो शैक्षणिक संस्थाओं, छात्रावासों और कोचिंग सेंटर्स पर जाकर सदस्यता करेगी। आप समझ सकते हैं कि यहां से थोकबंद सदस्यताएं प्राप्त होंगी परंतु यह किसी भी सूरत में स्वभाविक नहीं होंगी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों, जिला सदस्यता प्रभारियों की संयुक्त बैठक में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश मोर्चा संगठन प्रभारी श्री शिवभूषण सिंह ने सदस्यता की प्रगति की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता श्री अमरदीप मौर्य ने की।
बैठक में मार्च माह के दूसरे और तीसरे सप्ताह के 6 दिनों में अधिकतम सदस्यता करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए शैक्षणिक संस्था, छात्रावास, कोचिंग सेंटर और मंडल चिन्हित किए गए। अब इन्हीं केन्द्रों पर युवा कार्यकर्ता अर्जुन की तरह निशाना साधेंगे।
युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवभूषण सिंह ने बताया कि युवा मोर्चा को सर्वाधिक लक्ष्य देने के पीछे मोर्चा की क्षमता और कर्मठता पर पार्टी का भरोसा है। मोर्चा ने 25 लाख की तुलना में अब तक 15 लाख सदस्य बनाए है। श्री अमरदीप मौर्य ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व की भावना के अनुरूप मोर्चा के कार्यकर्ता 9, 10, 11 मार्च और 16, 17, 18 मार्च को सदस्यता के लिए मोर्चा संभालेंगे। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री श्री शैलेन्द्र बरूआ सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया और आष्वस्त किया कि अगले निर्दिष्ट 6 दिन होने वाली सदस्यता का श्रेय युवा मोर्चा के नाम दर्ज होगा। सदस्यता का लेखा जोखा युवा मोर्चा के नाम दर्ज होगा।
बैठक में श्री सुमित मिश्रा, श्री अभिलाष पाण्डे, श्री धनन्जय शर्मा, श्री गौरव रणदीवे, श्री मनीष चौकसे, श्री हितेष शुक्ला, श्री मिलन भार्गव सहित जिले के सदस्यता प्रभारी मौजूद थे।