भोपाल। निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ लोगों को इकठ्ठा करने के लिए 'शिक्षा अधिकार मंच" ने जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। मंच के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को काजीकैंप क्षेत्र में पर्चे बांटे और लोगों को स्कूलों की मनमानी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में स्कूल फीस निर्धारण कमेटी और अकादमिक कमेटी बने बगैर स्कूलों की मनमानी से नहीं रोकी जा सकती है।
मंच के कार्यकर्ता लोकेश मालती प्रकाश अन्य साथियों के साथ पिछले चार दिनों से काजीकैंप के नागरिकों के संपर्क में हैं। क्षेत्र में जनजागरण अभियान शुरू करने से पहले मंच के कार्यकर्ताओं ने काजीकैंप पहुंचकर लोगों से चर्चा की। यहां यह संभावनाएं तलाशी गईं कि लोग निजी स्कूलों के मुद्दे पर सामने आएंगे भी कि नहीं। अभिभावकों का उत्साह दिखाई देने के बाद मंच ने अभियान शुरू कर दिया है। अब अभिभावकों को 'निजी स्कूल-अभिभावक संघर्ष समिति" से जुड़ने के लिए तैयार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मंच ने पिछले दिनों एक बैठक कर 'निजी स्कूल-अभिभावक संघर्ष समिति" के गठन की घोषणा की थी। इस समिति में आम अभिभावकों को जोड़ा जाना है। जिसके लिए अभियान चलाया जा रहा है।
