भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री अरविन्द मेनन ने मप्र के बर्बाद किसानों का दर्द दूर करने के लिए उचित और ठोस उपाय करने के निर्देश दिए हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावा उन्होंने मंत्रियों से भी आग्रह किया है कि वो गांव गांव जाएं और किसानों को मदद पहुंचाएं। सुनिश्चित करें कि प्रशासन तत्काल सर्वे करे और राहत राशि किसानों तक पहुंचे।
अरविंद मेनन ने प्रदेश में असामयिक वर्षा, ओलावृष्टि के कहर से प्रभावित किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के संकल्पित प्रयासों की सराहना की है। राज्य सरकार ने किसानों की व्यथा पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल राजस्व और कृषि विभाग को सर्वेक्षण कर फसल क्षति का आंकलन करनें के निर्देश दिये है, जिससे किसानों को राहत प्रदान कर किसानों के आंसू पोंछे जा सके।
श्री मेनन ने कहा कि प्रदेश में हुई असामयिक वर्षा और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरा है, किसानों के अरमान ठंडे कर दिये है। जिसकी क्षतिपूर्ति के राज्य सरकार हरसंभव उपाय करेगी। उन्होनें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की तत्परता और किसानों के प्रति संवेदना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वंय मौके पर पहुंचकर किसानों से मिलकर उनकी व्यथा जानने का संकल्प करके प्रदेश के किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का सबूत दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सहयोगी मंत्रियों से भी किसानों से रूबरू होकर उन्हे तत्काल राहत पहुंचानें के लिए कहा है। प्रदेश सरकार ने जोर देकर कहा है कि किसानों की मुसीबत के दौर में सरकार उनके पीछे चट्टान की तरह खड़ी है। सरकार हरसंभव उपाय कर उन्हें राहत पहुंचायेगी।
श्री अरविन्द मेनन ने राज्य प्रशासन से युद्धस्तर पर सर्वेक्षण कर फसल क्षति का आंकलन करनें का आग्रह करते हुए कहा कि इस अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा में किसानों को राहत पहुंचाने के प्रयासों में उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाना चाहिए।