नईदिल्ली। देशभर में होली धूमधाम से मनाई गई परंतु देश के अलग अलग इलाकों में इस त्यौहार को शर्मसार कर देने वाली घटनाएं भी हुईं। पढ़िए इनमें से 3 घटनाएं:-
16 साल की लड़की को रास्ते में रंग लगाया फिर अकेले में....
रांची। होली में रंग खेलने के बहाने 16 वर्षीय लड़के ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। दोनों खेरदा गांव के रहने वाले हैं।
पीडि़ता ने अगले दिन मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद गांव के लोगों ने बैठक की, फिर घटना की सूचना बेड़ो पुलिस को दी गयी। इस बाबत मामला दर्ज किया गया है। युवती का मेडिकल चेकअप कराया गया है। थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के अनुसार होली के दिन नाबालिग युवती जंगल से जानवर चरा कर घर लौट रही थी। रास्ते में ही युवक ने उसे जबरन रंग लगा दिया। इसके बाद घर ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद से ही लड़की डरी सहमी हुई है।
बेड़ो थाना प्रभारी अशोक राम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की धर पकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। पुलिस ने गांव के कई लोगों से युवक के बारे मे जानकारी ली है।
होली के बहाने पूर्वोत्तर की छात्रा से ...
गुड़गांव में होली पर रंग लगाने के बहाने पूर्वोत्तर की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी पीजी में काम करने वाले कुक और उसके साथी थे। जिन्होंने रंग लगाने के बहाने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक झाड़सा रोड स्थित एक रेजिडेंसी में पीजी है। इसमें काफी संख्या में लड़के-लड़कियां रहते हैं। जानकारी के मुताबिक मूलरूप से मणिपुर की रहने वाली 22 वर्षीय छात्रा यहां कोचिंग लेती है। वो कई माह से पीजी में रह रही थी। शुक्रवार को होली के बहाने यहां काम करने वाले कुक और सर्विस मैन ने छात्रा को रंग लगवाने के लिए कहा। युवकों की बात पर सहमति जताते हुए वह आ गई।
आरोप है कि युवकों ने रंग लगाने के बहाने उसके छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। शुरुआत में छात्रा ने इसे अनदेखा किया लेकिन जब उनकी हरकत बढ़ गई तो उसने विरोध किया। आरोप है कि इसके बावजूद दोनों युवक माने नहीं और उसके साथ हरकत करने की कोशिश करने लगे। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के कमरों में रहने वाले छात्र-छात्राएं आ गए और फिर उसे ले गए।
घटना के बाद छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी कुक सुरेंद्र और सर्विसमैन विनोद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जहां से उसे भोंडसी जेल भेज दिया गया।
होली की पार्टी में मैनेजर ने...
होली की पार्टी में होटल मैनेजर ने शर्मनाक करतूत ली। उसने अपनी ही स्टाफ कर्मी को नशीली दवा पिलाकर उससे रेप किया और घर छोड़ आया। सनसनीखेज मामला, पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर में सामने आया।
युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल करवाकर उसके बयान पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि जीरकपुर के पार्क प्लाजा होटल में स्पा सेंटर में बतौर कर्मचारी कार्य करती है।
एक ही होटल में काम करने के चलते होटल में तैनात मैनेजर से उसकी दोस्ती हो गई। बुधवार को उक्त मैनेजर वरिंदर उसे अपने साथ घूमाने के बहाने पंचकूला के एक होटल में ले गया था।
पीड़िता के मुताबिक होटल में मैनेजर ने उसे पीने के लिए लिम्का दिया व खुद व्हिस्की पी, लेकिन उसने धोखे से उसके लिम्का में कोई नशीली दवा मिलाकर उसे पिला दी। जिसे पीने के बाद उसे कोई होश नहीं रहा। इसके बाद आरोपी उसे जीरकपुर स्थित अन्य स्थान पर ले गया। जहां पर आरोपी ने उसके साथ कई बार रेप की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने बताया कि रेप करने के बाद आरोपी उसे अपने घर पर छोड़ गया लेकिन जब नशे का असर खत्म हुआ तो मैनेजर की हरकत का पता चला। इसके बाद उसने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
पुलिस ने भी पीड़ित की शिकायत आरोपी मैनेजर वरिंदर के खिलाफ रेप की वारदात को अंजाम देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है।