धार। समीपस्थ धरावरा में शुक्रवार को एक महिला पति से झगड़ा कर 400 केवीए लाइन के 125 फीट ऊंचे टॉवर की चोटी पर जा बैठी। कलेक्टर-एसपी समेत पुलिस-प्रशासन के तमाम अधिकारी पहुंचे, लाख मिन्नतें की लेकिन महिला नीचे नहीं उतरी। इंदौर-राजगढ़ से बिजली कंपनी के एक्सपर्ट की टीम बुलाई। उन्होंने पांच घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
गांव की शांतिबाई (30) दोपहर 12.30 बजे पति हुकुमसिंह से झगड़ा कर टॉवर पर चढ़ गई। जैसे ही कोई उसे उतारने के लिए टॉवर पर चढ़ने की कोशिश करता, वैसे ही और ऊपर चढ़ जाती। ऐसे करते-करते वह 125 फीट ऊंचे टॉवर की सबसे ऊंची चोटी पर जा बैठी। रेस्क्यू टीम का एक कर्मचारी टॉवर पर चढ़ने लगा तो एक तार पर बैठ गई। यह तार अर्थिंग का होने से करंट नहीं था। बाद में रेस्क्यू टीम के सदस्य सारे संसाधनों के साथ ऊपर चढ़े। महिला की कमर में बेल्ट से रस्सी बांध शाम 5.30 बजे नीचे उतारा।
तार से नजदीक भी होती तो झुलस जाती
दोपहर 12.30 बजे जब महिला टॉवर पर चढ़ी, तब से दोपहर 3.30 बजे तक बिजली लाइन चालू थी। इस दौरान यदि महिला तार के करीब भी होती तो झुलसने का खतरा था। दरअसल, इस लाइन को बंद करने का अधिकार संभाग स्तर पर भी नहीं है। ट्रांसमिशन कंपनी के लाइन डिपार्टमेंट में वाजिब कारण बताने पर ही सप्लाय बंद किया जाता है। मौके पर पहुंची कलेक्टर जयश्री कियावत ने बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री सुब्रतो रॉय को लाइन बंद करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद राजगढ़ पॉवर ग्रिड, इंदौर और नई दिल्ली तक प्रयास किए गए। करीब तीन घंटे में लाइन बंद हुई।
मेहमाननवाजी की मिन्नतें की
टॉवर पर चढ़ी महिला को उतरने को मनाने के लिए ग्रामीणों ने तरह-तरह की मिन्नत की। कभी उसके बच्चे के भूखे-प्यासे होने की दुहाई देकर कहा कि नीचे उतरकर इनको खाना तो खिला दो। कलेक्टर-एसपी के आने का कहते हुए ग्रामीण बोले ये लोग आए हैं, इन्हें चाय नहीं पिलाएगी। ऐसी सारी मनुहार पर भी महिला नहीं मानी।
कोर्ट ने दिए मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण के आदेश
मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम में इस्तगाशा तैयार कर टॉवर पर चढ़ी महिला शांतिबाई को शनिवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने महिला का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के आदेश दिए। उसे शनिवार को पति के सुपुर्द किया है। पुलिस सोमवार को महिला को इंदौर स्वास्थ्य परीक्षण करवाने ले जाएगी।
पति बोला – हवा का चक्कर है महिला को
महिला के नीचे उतरने पर कलेक्टर ने पूछा कि क्यों टॉवर पर चढ़ी थी। महिला ने कहा पति से झगड़ा हो गया था। गाल पर चोट के निशान भी बताए। जबकि अफसरों के पूछने पर पति हुकुमसिंह ने कहा कि उसकी पत्नी को हवा का चक्कर है। आए दिन कुछ देर के लिए दौरे आते हैं।