भोपाल। राजधानी में नकली नोटों की सप्लाई चैन को तोड़ने में जुटी क्राइम ब्रांच ने नेपाल बार्डर से नकली नोटों के तस्कर 'खान साहब' के छोटे भाई को अरेस्ट कर लिया है। उसका एक साथी भी पकड़ा गया। दोनों को रिमांड पर ले लिया गया है।
एएसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि क्राइम ब्रांच ने पिछले दिनों भारतीय नकली नोट के कारोबार से जुड़े रेतघाट, तलैया निवासी रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया था। रिजवान ने खुलासा किया था कि उसे चंपारण, बिहार निवासी खुर्शीद अालम नकली नोट पहुंचाता था। क्राइम ब्रांच ने रिजवान के माध्यम से खुर्शीद की घेराबंदी की थी। खुर्शीद आलम नकली नोट की डिलीवरी रिजवान को देने भोपाल आया था। क्राइम ब्रांच ने उसे भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह की तरफ से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.10 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए थे। खुर्शीद ने खुलासा किया था कि उसे नेपाल में बैठा खान साहब नकली नोट सप्लाई करता है।
एएसपी के अनुसार खुर्शीद के जरिए क्राइम ब्रांच ने नेपाल में खान से संपर्क किया। वह 45 हजार रुपए में एक लाख के नकली नोट दे रहा था। उससे एक लाख के नोट 35 हजार में देने की बातचीत हुई। इसके लिए वह तैयार नहीं हुआ। क्राइम ब्रांच के कहने पर खुर्शीद ने नोट की क्वालिटी दिखाने के लिए उसे भारत की सीमा में बुलाया था। खान ने नेपाल में रहने वाले जौवाद आलम और गैसुल आलम को नोट लेकर बिहार भेजा। आरोपी जैसे ही बेतिया पहुंचे, उन्हें पकड़ लिया गया। गैसुल को खान साहब का छोटा भाई बताया गया है। क्राइम ब्रांच इस गिरोह से अब 1000-1000 के 193 नकली नोट बरामद कर चुकी है। मुख्य सौदागर तक पहुंचने के लिए पुलिस अब केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद लेगी।