लखनऊ। भारत के ग्रामीण इलाकों में अपनी मजबूत पैठ बनाने में नाकाम रही भाजपा अब राम के नाम पर घुसपैठ की तैयारी कर रही है। भाजपा के लिए ग्राउंड तैयार करने का काम विहिप करेगी जो दुर्गा पूजा की तरह 'राम महोत्सव' का आयोजन करेगी। राम के नाम पर देश के डेढ़ से दो लाख गांवों में पहुंचने का टारगेट तय किया गया है।
विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने कहा कि हम 22 मार्च से राम महोत्सव मनाएंगे और यह 1 अप्रैल तक चलेगा। ऐसा पहली बार होगा कि विहिप इस तरह का कोई कार्यक्रम करने जा रही है। विहिप का कहना है कि इससे राम जन्मभूमि आंदोलन को मजबूती मिलेगी। ये कार्यक्रम न सिर्फ उन गांवों में आयोजित होंगे जहां मंदिर हैं, बल्कि ऐसी जगहों पर भी होंगे जहां इस तरह की व्यवस्था नहीं है। महोत्सव के दौरान भगवान राम की ढाई फुट लंबी प्रतिमाओं की 10 दिन तक पूजा होगी। इन प्रतिमाओं को या तो स्थायी रूप से स्थापित कर दिया जाएगा या फिर विसर्जित कर दिया जाएगा। देश के डेढ़ से दो लाख गांवों तक इस कार्यक्रम के जरिए पहुंचने की योजना है।