इंदौर। स्वाइन फ्लू से तीन घंटे के भीतर दो लोगों की मौत हो गई। अरबिंदो अस्पताल में तीन दिन से भर्ती 35 वर्षीय युवक ने दोपहर 12.05 बजे दम तोड़ दिया। तीन बजे सूचना मिली कि बॉम्बे हॉस्पिटल में 13 दिन से स्वाइन फ्लू से लड़ रही 49 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई।
आईडीएसपी नोडल अधिकारी जीएल सोढ़ी ने बताया कि स्वाइन फ्लू से मरने वाला युवक मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था। वह पीथमपुर में नौकरी करता था। सर्दी-जुकाम के बाद हालत गंभीर होने पर परिजन ने उसे 10 जनवरी को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया था।
इसी दिन उसका स्वाब सेंपल जांच के लिए जबलपुर भेजा गया। जहां से दो दिन बाद मिली जांच रिपोर्ट में उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। बुधवार को उसकी मौत हो गई। इस मरीज के दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया भी पाया गया था। उसकी मौत के तीन घंटे के भीतर ही 49 वर्षीय छावनी निवासी महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हो गई।
महिला को 2 जनवरी को परिजन ने गोकुलदास अस्पताल में भर्ती किया था। बाद में उसे बॉम्बे हॉस्पिटल शिफ्ट कर दिया गया। जबलपुर से मिली जांच रिपोर्ट में इस महिला में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। 13 दिन बाद भी जब हालत नहीं सुधरी तो अस्पताल ने उसे एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया। परिजन उसे एमवायएच ले जा ही रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। यह महिला बीमार होने से कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र से लौटी थी।
6 सेंपल दो पॉजीटीव, दोनों की मौत
डॉ. सोढ़ी ने बताया कि इस वर्ष अब तक 6 संदिग्ध मरीजों के स्वाब सेंपल जबलपुर भेजे जा चुके हैं। इनमें से दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। दोनों ही की बुधवार को मौत हो गई।