भोपाल। 2014 को शहर ने भीगी-भीगी विदाई दी। साल के आखिरी दिन मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से बारिश शुरू हो गई। पारा सामान्य से 10 डिग्री नीचे चला गया। तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दिसंबर में 17 साल बाद यह सबसे ठंडा दिन रहा। यह इस सीजन का अधिकतम तापमान का सबसे निचला स्तर रहा। वर्ष 1997 के बाद पहली बार दिसंबर में दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा है। मौसम केंद्र ने भोपाल, ग्वालियर, खजुराहो, टीकमगढ़, गुना और नौगांव में कोल्ड डे की घोषणा की है।
औबेदुल्लागंज में ओले
भोपाल में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक 0.88 सेमी बारिश हो चुकी थी। देर रात तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस बार दिसंबर में अब तक 32.2 सेमी बारिश हो चुकी है, जो वर्ष 2009 के बाद सबसे ज्यादा है। इंदौर, ग्वालियर, विदिशा, गुना, सीहोर में बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश के समाचार हैं। औबेदुल्लागंज में रात करीब 8 बजे 15 मिनट तक ओले भी गिरे।
क्या होता है कोल्ड डे और शीतलहर
यदि अधिकतम तापमान 16 डिग्री या इससे कम हो तो मौसम विभाग इसे ठंडा दिन (कोल्ड डे) घोषित करता है। शीतलहर की घोषणा मौसम केंद्र न्यूनतम तापमान के आधार पर करता है। इसमें न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम होना चाहिए। साथ ही सामान्य तापमान भी 10 डिग्री या इससे कम होना चाहिए।
15 साल में ठंडा दिसंबर
बीते 15 सालों में यह दिसंबर सबसे ठंडा रहा। इस बार औसत न्यूनतम तापमान 9.83 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य औसत से दो डिग्री कम था। वर्ष 1999 में औसत न्यूनतम तापमान 9.3 डि.से. रहा था। औसत अधिकतम तापमान भी चार साल बाद सबसे कम 25.33 डि.से. रहा।
रात में राहत, दिन में कंपकंपाएगी ठंड
गुरुवार और शुक्रवार को भी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री। 3 जनवरी से मौसम साफ होना शुरू होगा तो रात के तापमान में भी तेजी से गिरावट आएगी। प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ सकता है। घना कोहरा और पाला पड़ने की संभावना रहेगी।
सरकारी स्कूलों में 4, प्राइवेट में 2 जनवरी तक छुट्टी
प्रदेश में शीतलहर को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी सरकारी स्कूलों में 4 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी है। कलेक्टर निशांत वरवड़े ने जिले के सभी प्राइवेट स्कूलों में 2 जनवरी तक छुट्टी घोषित की है। भोपाल सहोदय (मिशनरी स्कूलों का ग्रुप) के सचिव सोजन जोसफ का कहना है कि सीबीएसई से संबद्ध सभी मिशनरी स्कूलों में 4 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है।
सहोदय ग्रुप के अध्यक्ष पीएस कालरा का कहना है कि आईपीएस स्कूल में 4 जनवरी तक छुट्टी पहले से ही है। उनके ग्रुप से जुड़े स्कूल अपने स्तर पर छुट्टी का निर्णय ले सकते हैं। इधर सभी केंद्रीय विद्यालयों में 11 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है।
