भोपाल। मध्यप्रदेश के झाबुआ में रहने वाले एक विवाहित मुस्लिम युवक ने गुजरात की एक हिन्दू युवती से ना केवल खुद को हिन्दू बताकर शादी की बल्कि उसे झांसा देकर करोड़ों रुपए हड़प लिए और जब मामले का खुलासा हुआ तो युवती को जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी उसे मारने के लिए गुजरात के गोधरा में छिपा हुआ था, पुलिस ने वहीं से उसे धर दबोचा।
इस प्रकरण में पीड़िता रेलवे से सेवानिवृत हो चुके राजेंद्र प्रसाद गर्ग निवासी अपार्टमेंट हालर वलसाड की पुत्री विनिशा (27 वर्ष) है। करीब 6 साल पहले वो मप्र के इंदौर में स्कूल टीचर की जॉब कर रही थी। इसी दौरान एक अन्य युवती जगप्रीत कौर ने उससे दोस्ती की। बाद में जगप्रीत कौर ने एक युवक को विनिशा से मिलवाया। जगप्रीत ने इस युवक का नाम देवेन्द्र सिंह राठौड़ बताया।
मुलाकातों के बाद देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने फेसबुक पर विनिशा से दोस्ती कर ली और दोनों के बीच चैटिंग शुरू हो गई। विनिशा को पता ही नहीं चला कि वो कब लवजेहाद के जाल में फंसती चली गई। वो देवेन्द्र सिंह राठौड़ पर भरोसा करने लगी। दोनों के बीच प्रेम के वादे हो गए। इसी दौरान देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने विनिशा से बहलाकर दैहिक संबंध भी बना लिए।
देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि वो जाति से राजपूत है और उसे सच्चा प्यार करता है एवं शादी करना चाहता है। इतना ही नहीं देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने यह भी बताया कि वो भोपाल में जॉब करता है और उसे अच्छा वेतन मिलता है।
उसने अपने पिता को बताया कि देवेन्द्र सिंह जाति से राजपूत है। उसके पिता की अनुमति के बाद 28 दिसबंर 2009 को वलसाड के एउपवन हॉल में दोनों की शादी हो गई। शादी के बाद देवेन्द्र सिंह अलग-अलग तरकीब अपना कर 72 लाख रुपए नकद तथा 21 लाख रुपए मूल्य का 1.068 किलोग्राम सोना हजम कर गया लेकिन देवेन्द्र सिंह विनीशा को अपने घर नहीं ले जाता था। इसकी जानकारी होने पर विनिशा के जीजा केतन मेकवान को शक हुआ और उन्होंने देवेन्द्र सिंह के बारे में पता किया, जिसमें पता चला कि देवेन्द्र सिंह तो मुसलमान है और उसका असली नाम इमरान है। उसने हिन्दू होने का ढोंग करते हुए विनिशा के साथ शादी रचाई है। इसके अलावा वह पहले से ही शादीशुदा था। इस बारे में जब इमरान को पता चला तो उसने विनिशा को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार विनिशा ने 9 अक्टूबर 2014 को वलसाड सिटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी पिछले दो महीने से फरार था। उसे गोधरा से गिरफ्तार किया गया है।
