भोपाल। सीने में दर्द होने पर अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला की मौत हो गई। उसके बाद भी डॉक्टर बिल बढ़ाने के लालच में उनका ट्रीटमेंट करते रहे। गड़बड़ी का खुलासा उस वक्त हुआ, जब महिला के पति के डॉक्टर मित्र ने उनकी नब्ज चैक की।
इससे नाराज महिला के पति ने अदालत में एक परिवाद दायर किया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत चार डॉक्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उन्हें नोटिस भेजा है।
मामला फरवरी का है। मोतिया तालाब के सामने स्थित एलबीएस हार्ट केयर अस्पताल में 55 वर्षीय सीमा सहाय को सीने में दर्द होने पर भर्ती करवाया गया था। सीमा के पति मदन नंदन पेशे से वकील हैं। भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने उनका ट्रीटमेंट शुरू किया। इस दौरान उनकी एंजियोग्राफी भी हुई। 8 फरवरी को मदन के डॉक्टर मित्र दुर्लभसिंह मल्होत्रा सीमा का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने सीमा की नब्ज चेक की तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी थी। इसके तुरंत बाद अस्पताल के अन्य डॉक्टरों ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया। मदन ने 26 मार्च को परिवाद दायर किया। जांच के बाद पुलिस ने अस्पताल के संचालक डॉ. भूपेंद्र श्रीवास्तव, जीएस गौतम, रोहित श्रीवास्तव और आनंद यादव पर प्रकरण दर्ज कर नोटिस भेजा है।