भोपाल। मालवा-निमाड़ की उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और धार सीट संघ के लिए चुनौतीपूर्ण हो गईं हैं। यहां लोकलाज त्यागकर संघ ने फ्रंटलाइन पर मोर्चा संभाल लिया है। अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए संघ यहां मुख्य भूमिका निभा रहा है जबकि भाजपा सहयोगी संगठन के तौर पर सक्रिय है।
भाजपा ने मंदसौर से सुधीर गुप्ता, धार से सावित्री ठाकुर और उज्जैन सीट से चिंतामणि मालवीय को टिकट दिया है। ये सभी टिकिट संघ से आई डिमांड पर दिए गए थे। वोटर्स के लिए तीनों ही नए हैं जबकि इनके मुकाबले कांग्रेस के उज्जैन में प्रेमचंद गुड्डू, मंदसौर में मीनाक्षी नटराजन और धार में उमंग सिंघार (वर्तमान विधायक)मैदान में हैं।
निश्चित रूप से हालत पतली है और प्रत्याशियों के दम पर जीत की संभावनाएं बिल्कुल शून्य, अत: मोदी लहर को तूफान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संघ के प्रचारकों से आगे आकर चुनाव की कमान संभाल ली है। लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेता को बुलवा लिया। पूरी की पूरी ताकत झोंक दी गई है। खुद स्वयं सेवक जनसंपर्क पर निकल गए हैं।
कुल मिलाकर यहां मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं बल्कि संघ और कांग्रेस के बीच है। भाजपा तो बस सहायक संगठन की भूमिका निभा रही है।