तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ में विवाद, नया संगठन बना

भोपाल। मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ में चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। कुछ कर्मचारी नेताओं ने तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ नाम से नया संगठन बना लिया है। रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसायटी से इसका रजिस्ट्रेशन कराकर पंद्रह जिलों में कार्यकारिणी तक बना दी गई है।

संघ में जबलपुर के जिलाध्यक्ष रहे अतुल मिश्रा प्रांताध्यक्ष बने हैं। मिश्रा ने बताया कि संगठन का रजिस्ट्रेशन सितंबर में ही करा लिया गया था। संगठन के विस्तार की प्रक्रिया के तहत जिलों में कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा था। उन्होंने दावा करते हुए बताया कि मंडला, छिंदवाड़ा, सतना, रीवा, रतलाम समेत १५ जिलों में कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। भोपाल में जल्द ही कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। इन जिलों में दस हजार से ज्यादा कर्मचारी अब तक संगठन के सदस्य बन चुके हैं।

मिश्रा ने कहा कि 51 सूत्रीय मांगों को लेकर द्विवेदी के रवैये को लेकर कर्मचारी संतुष्ट नहीं थे। वहीं, मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि हमारे संघ में कोई दो फाड़ नहीं हुआ है। संगठन विरोधी गतिविधियों के कारण मिश्रा को संघ से निष्कासित कर दिया गया था।

पहले भी हो चुका है विवाद

संघ में पहले भी विवाद हो चुका है। पिछले साल अप्रैल में एकजुट हुए संघ का संरक्षक पूर्व अध्यक्ष एल एन कैलाशिया को बनाया गया था। फिर इनके बीच हुए विवाद में द्विवेदी ने कैलाशिया को पांच महीने पहले संरक्षक पद से हटा दिया था। हाल ही में वरिष्ठ कर्मचारी नेता यूएन त्रिवेदी ने संघ का सलाहकार पद छोड़ दिया। त्रिवेदी ने दो महीने के डीए के एरियर की राशि को लेकर कई आरोप लगाते हुए पद छोड़ा।

विद्युत मंडल अभियंता संघ में तिवारी अध्यक्ष

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल अभियंता संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी के चुनाव परिणामों की घोषणा समिति द्वारा कर दी गई है। इसमें आनंद तिवारी अध्यक्ष, वीकेएस परिहार महासचिव, संजय भगवतकर सचिव ((वित्त)) चुने गए। केंद्रीय कार्यकारिणी में राजेश श्रीवास्तव, अनीस सिंघई, सुबोध वाजपेयी, मनोज त्रिपाठी, हितेश तिवारी, संजीव सिंह, आरपी पांडे विवेक असाटी, कामेश श्रीवास्तव, संजय मालवीय और योगेश माथुर भी निर्विरोध चुने गए।


भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!