भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल में ही कर्मचारी फर्जी अंकसूची के सहारे नौकरी कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मंडल के कुछ कर्मचारियों की अंकसूची फर्जी मिली है। विस्तृत जांच के बाद इन कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल में करीब तीन साल पहले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से तृतीय वर्ग में पदोन्नति की गई थीं। इसमें करीब साठ कर्मचारी पदोन्नत हुए थे। कुछ दिनों पूर्व पदोन्नति में अनियमितता की शिकायत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में की गई। इसमें पदोन्नति के नियमों पर सवाल उठाए गए। साथ ही इसमें कुछ कर्मचारियों की अंकसूचियां फर्जी बताई गईं।
शिकायत के बाद मंडल ने पदोन्नत हुए सभी कर्मचारियों की अंकसूची सत्यापन करने की कार्यवाही शुरू की। सूत्रों की माने तो इसमें करीब दस से पंद्रह कर्मचारियों की अंकसूची फर्जी मिली है। यह अंकसूचियां राज्य ओपन की बताई जा रही हैं। हालांकि अंकसूचियों के सत्यापन की विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
कर्मचारियों की अंकसूचियों का सत्यापन कराया जा रहा है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
पुष्पलता सिंह, सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल