भोपाल। लंबे समय से युवती से छेड़छाड़ कर रहे युवक को सरेराह ‘किस’ करना महंगा पड़ा। उसने लड़की को अपनी आगोश में लिया और जैसे ही लिप्स किस किया, जोर से चीख पड़ा, क्योंकि लड़की ने उसकी जुबान अपने दातों से काट डाली थी।
घटना कमला नगर इलाके की है। पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कमलेश पिता संत बंक्काश शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलरूप से मुरैना के ग्राम अजनौधा का रहने वाला है। बताया गया है कि आरोपी आयकर कॉलोनी में रहने वाली 18 साल की लड़की का मंगलवार सुबह पीछा कर रहा था। पीड़िता जैसे ही गवर्नमेंट क्वार्टर कोटरा के पास पहुंची, युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे जबरन चूमने लगा।
सरेराह इस हरकत का पीड़िता ने विरोध किया और आरोपी के चंगुल से छूटने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसके अश्लील छेड़छाड़ करने लगा, लिप- लॉक किस करने पर आमादा युवक से परेशान युवती ने उसकी जुबान को दांतों से चबा डाला, तब कहीं कमलेश ने युवती को छोड़ा, जुबान चबाए जाने से लहूलुहान कमलेश सीधे पुलिस थाने चला गया।
आधे घंटे चला ड्रामा
गवर्नमेंट चौराहे पर सुबह जब कमलेश पीड़िता से जबरदस्ती करने लगा, तो भीड़ जमा हो गई, लेकिन आरोपी ने पीड़िता को नहीं छोड़ा, इस दौरान वहां से गुजर रही एक महिला ने हिम्मत दिखाई दोनों को अलग करने की कोशिश की। तभी पीड़िता ने आरोप को धकेलने की कोशिश की, इसी दौरान युवक की जुबान कट गई।
लहूलुहान हालत में पहुंचा थाने
कमला नगर थाने में पहुंचकर कमलेश अपनी कहानी बता ही रहा था कि लड़की भी वहां पहुंच गई। लड़की के पिता कस्टम विभाग में हैं। लड़की ने पुलिस को बताया कि कमलेश 10 दिन से उसे परेशान कर रहा था। इस बारे में उसने अपने परिजन, परिचित परिवारों और सहेलियों को भी बताया था। मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। युवती ने संवाददाता को बताया कि सुबह जब वह अपने ब्यूटी पार्लर जा रही थी, तो कमलेश ने उसका फिर पीछा किया। गवर्नमेंट क्वार्टर के पास उसने जबरदस्ती की। खुद को बचाने के लिए युवती ने ऐसा किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ का मामला दर्ज
कमला नगर टीआई मनीषराज सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी कमलेश पर छेडछाड़ की धारा 454 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसको कोर्ट में पेश किया गया है।